सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला राजेश सकरिया आपराधिक इतिहास वाला निकला, नौ केस दर्ज

 
सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला राजेश सकरिया आपराधिक इतिहास वाला निकला, नौ केस दर्ज

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला करने वाले आरोपी राजेश भाई खिमजी सकरिया का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। राजकोट के भक्ति नगर थाने में उस पर 2017 से 2022 के बीच नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें शराब पीकर झगड़ा, मारपीट और हंगामे से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह कई बार जेल भी जा चुका है, जबकि कुछ मामलों में बरी हो गया था।

दिल्ली पुलिस ने राजकोट पुलिस से उसका आपराधिक ब्यौरा मंगवाया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी गुजरात के राजकोट स्थित अजीदम थाने के कोठरिया, गोकुल पार्क इलाके में अपने माता-पिता, पत्नी, भाई और दो बेटों के साथ रहता है। परिवार रिक्शा चलाकर गुजर-बसर करता है। राजेश को शराब पीने की लत है और वह कुत्तों के प्रति गहरी दिलचस्पी रखता है।

WhatsApp Group Join Now

आरोपी की मां भानु बेन ने पुलिस को बताया कि राजेश मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और उसका इलाज नहीं चल रहा। इसी वजह से उसे अक्सर गुस्से के दौरे आते हैं और वह हिंसक हो जाता है। कई बार उसने अपनी मां और पत्नी पर भी हाथ उठाया है।

पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह मुख्यमंत्री से जेल में बंद अपने एक रिश्तेदार की रिहाई की गुहार लगाने आया था। लेकिन पुलिस की जांच में यह दावा झूठा निकला, क्योंकि किसी भी रिश्तेदार के जेल में बंद होने की पुष्टि नहीं हुई।

गौरतलब है कि बुधवार सुबह सीएम हाउस में साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान राजेश ने अचानक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को तुरंत पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (IPC धारा 307) सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

Tags

Share this story