संत प्रेमानंद महाराज का अपमान बर्दाश्त नहीं! गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार का अल्टीमेटम

 
संत प्रेमानंद महाराज का अपमान बर्दाश्त नहीं! गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार का अल्टीमेटम

नई दिल्ली, 6 अगस्त 2025 — गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विदेश में बैठे दोनों अपराधियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर बॉलीवुड और समाज के कुछ वर्गों को खुली धमकी दी है। खासतौर पर संत प्रेमानंद महाराज का नाम लेकर उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनका अपमान जारी रहा और हरियाणा के भिवानी में मनीषा हत्याकांड जैसे मामलों में न्याय नहीं मिला, तो अंजाम बेहद गंभीर होंगे।

पोस्ट में लिखा गया कि “जय जय श्री हरिवंश, जय श्री राम! सभी भाइयों को राम-राम, मैं रोहित गोदारा और गोल्डी बरार।” इसके बाद दोनों ने मनीषा हत्याकांड को याद करते हुए सरकार और प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मनीषा के परिवार को न्याय दिलाने में सिस्टम नाकाम रहा है और अब तक केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं।

WhatsApp Group Join Now

धमकी भरे संदेश में यह भी कहा गया कि संत प्रेमानंद महाराज, जिनकी दोनों किडनियां खराब हैं, फिर भी धर्म और समाज की रक्षा के लिए सक्रिय रहते हैं, लेकिन असामाजिक तत्व उन्हें बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो “ऐसा समय आएगा जिसकी सरकार, प्रशासन और नेता कल्पना भी नहीं कर सकते।”

इसके साथ ही दोनों गैंगस्टरों ने बॉलीवुड को भी निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री में “नंगा नाच” हो रहा है और अगर इस पर रोक नहीं लगी तो वे खुद इसका अंत करेंगे। पोस्ट में कहा गया कि हमारी बहन-बेटियों को नुकसान पहुँचाने वालों और संतों का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह भी चेतावनी दी गई कि कलाकार या गायक अगर किसी समाज की मर्यादा तोड़कर पैसे या नशे में कोई गलत काम करेंगे तो उन्हें परिणाम भुगतने होंगे।

इसी दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से भी धमकी भरी पोस्ट सामने आई है। इसमें कहा गया कि अगर हरियाणा पुलिस मनीषा हत्या मामले में इंसाफ नहीं दिला पाई तो अपराधियों को वे खुद सज़ा देंगे। पोस्ट में कनाडा के ब्रैम्पटन में सोनू छठा की हत्या की जिम्मेदारी भी ली गई और दावा किया गया कि यह वारदात लॉरेंस के नाम पर उगाही करने और साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ की गई थी। फिलहाल गोल्डी ढिल्लों कनाडा में है जबकि लॉरेंस बिश्नोई जेल में बंद है।

Tags

Share this story