लखनऊ के लाल शुभांशु शुक्ला ने भरी अंतरिक्ष की उड़ान, पूरे देश को किया गर्वित

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बेटे और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने इतिहास रचते हुए अंतरिक्ष की उड़ान भर ली है। SpaceX के फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए शुभांशु Axiom-4 मिशन के तहत तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ रवाना हुए हैं। लगभग 28 घंटे की अंतरिक्ष यात्रा के बाद उनका ‘ड्रैगन कैप्सूल’ इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से जुड़ेगा।
इस ऐतिहासिक मौके पर लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड शाखा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ शुभांशु के माता-पिता शंभु दयाल शुक्ला और आशा शुक्ला को भी आमंत्रित किया गया। लाइव प्रसारण के दौरान जैसे ही रॉकेट ने उड़ान भरी, पूरा प्रेक्षागृह तालियों से गूंज उठा और भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
मां आशा शुक्ला बेटे की उड़ान देखकर बेहद भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, "ये पल शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हम गर्व और खुशी से भर गए हैं।" वहीं पिता शंभु दयाल की आंखों में भी खुशी के आंसू थे। उनका मानना है कि यह न केवल उनके बेटे की, बल्कि पूरे देश की उपलब्धि है।
इस सुनहरे पल के गवाह बने शुभांशु की पत्नी डॉ. कामना मिश्रा, जिन्होंने अमेरिका से मिशन को लाइव देखा, साथ ही उनके ससुर ब्रजमोहन मिश्रा, सास शशिकांता, बहनें और अन्य परिजन भी मौजूद थे। ब्रजमोहन मिश्रा ने बताया कि साल 2009 में शुभांशु वायुसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट थे, जब उनकी बेटी कामना से शादी हुई थी। आज का यह दिन पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है।