दुनिया के 6 सबसे अनोखे एयरपोर्ट, जहां जाना है किसी एडवेंचर से कम नहीं
गर्मियों की छुट्टियों में सफर करना लगभग हर किसी को पसंद होता है। अब लोग तेजी से ट्रेनों के बजाय फ्लाइट को चुनने लगे हैं क्योंकि यह तेज, सुविधाजनक और आरामदायक होता है। वैसे तो दुनिया में हजारों एयरपोर्ट हैं, लेकिन कुछ एयरपोर्ट्स ऐसे हैं जो अपने डिजाइन, लोकेशन और विशेषताओं की वजह से खुद एक टूरिस्ट अट्रैक्शन बन चुके हैं। इस लेख में हम आपको दुनिया के ऐसे छह अनोखे हवाई अड्डों के बारे में बताएंगे, जहां उड़ान भरना एक अलग ही अनुभव देता है।
EuroAirport Basel-Mulhouse-Freiburg (फ्रांस, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड)

यह दुनिया का इकलौता एयरपोर्ट है जो तीन देशों से जुड़ा हुआ है—फ्रांस, जर्मनी और स्विट्ज़रलैंड। इसे फ्रांस के मुलहाउस के पास बनाया गया है, लेकिन फंडिंग का बड़ा हिस्सा स्विट्ज़रलैंड ने दिया था। इस एयरपोर्ट के दो अलग-अलग टर्मिनल गेट हैं, जिनमें से एक सीधे फ्रांस तो दूसरा स्विट्ज़रलैंड की ओर जाता है। एक फ्लाइट से तीन देशों की सुविधा मिलना इसे सबसे खास बनाता है।
Kansai International Airport (जापान)

जापान के ओसाका की Bay में बना कंसाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक कृत्रिम द्वीप पर स्थित है। यह समुद्र के बीचोंबीच बना दुनिया का पहला ऐसा एयरपोर्ट है। इसे साल 1994 में शुरू किया गया था और इसका रनवे सामान्य से लगभग दोगुना यानी 4000 मीटर लंबा है। यह जापान का तीसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट भी है।
Tenzing-Hillary Airport (नेपाल)

नेपाल के लुकला में स्थित यह हवाई अड्डा दुनिया के सबसे खतरनाक एयरपोर्ट्स में से एक माना जाता है। यह हिमालय की ऊंचाई पर स्थित है और इसका रनवे केवल 527 मीटर लंबा है। रनवे के दोनों तरफ गहरी खाइयां हैं, जिससे टेकऑफ और लैंडिंग बेहद चुनौतीपूर्ण होती है।
Queenstown Airport (न्यूजीलैंड)

न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड में स्थित क्वींसटाउन एयरपोर्ट अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर है। यह शहर का मुख्य प्रवेश द्वार माना जाता है। यहां से टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान झीलों और पहाड़ों के अद्भुत नज़ारे देखने को मिलते हैं।
Williams Field (अंटार्कटिका)

विलियम्स फील्ड, जिसे विली फील्ड भी कहा जाता है, अंटार्कटिका में स्थित एक ऐसा एयरपोर्ट है जहां रनवे बर्फ से बने हैं। समुद्र तल से इसकी ऊंचाई करीब 8 से 10 फीट है। यह हवाई अड्डा वैज्ञानिक अनुसंधान और परिवहन के लिए विशेष रूप से अमेरिकी फ्लाइट्स द्वारा उपयोग में लाया जाता है।
Barra Airport (स्कॉटलैंड)

स्कॉटलैंड में स्थित Barra Airport की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा रनवे है, जो समुद्र तट पर बना है और समुद्र की लहरों के साथ कई बार गायब भी हो जाता है। यहां फ्लाइट्स की लैंडिंग और टेकऑफ सीधे समुद्र की लहरों के बीच होती है। यह दुनिया का इकलौता ऐसा रनवे है जो समुद्र के साथ बदलता रहता है।