Greater Noida: सुपरटेक इको विलेज निवासी पल्लवी जग्गी से साइबर ठगों ने 15 लाख रुपए ठगे, जांच में जुटी पुलिस

Greater Noida: सुपरटेक इको विलेज सोसायटी की निवासी पल्लवी जग्गी से साइबर ठगों ने 15 लाख रुपए ठग लिए। जालसाजों ने उन्हें शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर दी निवेश की जानकारी
पल्लवी को कुछ समय पहले एक अनजान नंबर से फोन आया था, जिसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में शेयर मार्केट और ट्रेडिंग से मुनाफा कमाने के टिप्स साझा किए जा रहे थे। साथ ही, साइबर ठग मुनाफा कमाने के स्क्रीनशॉट भी ग्रुप पर साझा कर रहे थे, जिससे महिला को भरोसा हो गया।
महिला ने किया निवेश, शुरू में मिला लाभ
प्रारंभिक निवेश में पल्लवी को कुछ मुनाफा हुआ, जिसके बाद उन्होंने कई बार में कुल 15 लाख 42 हजार 863 रुपए का निवेश कर दिया। ठगों द्वारा डाउनलोड कराए गए एक ऐप में उन्हें मुनाफा भी दिख रहा था।
संपर्क तोड़ने के बाद हुआ शक
जब पल्लवी ने और निवेश करने से मना किया तो जालसाजों ने उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया और संपर्क पूरी तरह से तोड़ दिया। इस पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पल्लवी की शिकायत पर आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, पुलिस ने उनकी जांच भी शुरू कर दी है और हर पहलू पर जांच की जा रही है।