नोएडा के साइबरथम प्रोजेक्ट में दुकान दिलाने के नाम पर करीब ₹1 करोड़ की ठगी, CEO समेत 5 पर केस दर्ज

 
नोएडा साइबरथम प्रोजेक्ट में दुकान के नाम पर एक करोड़ की ठगी, भूटानी इंफ्रा के CEO समेत पांच पर केस दर्ज

नोएडा: सेक्टर-90 स्थित साइबरथम प्रोजेक्ट में दुकान दिलाने के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में भूटानी इंफ्रा से जुड़े पदाधिकारियों और प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-142 थाना पुलिस ने कंपनी के CEO समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता होरीलाल, जो दिल्ली के गांधी नगर के रहने वाले हैं और गाजियाबाद में पान की दुकान चलाते हैं, ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी जमा पूंजी से एक दुकान खरीदने का प्रयास किया था। इसी दौरान उनके एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर आदित्य राज सक्सेना से हुई।

WhatsApp Group Join Now

आदित्य सक्सेना ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह भूटानी के साइबरथम प्रोजेक्ट में एक कमर्शियल दुकान दिला सकता है। इसके बाद उसने होरीलाल की मुलाकात शिवदत्त गौर शर्मा से कराई और बताया कि वह ग्रेटर नोएडा स्थित इस प्रोजेक्ट में अपनी 272 वर्ग फीट की दुकान बेचना चाहते हैं।

शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने मिलकर उन्हें नकद भुगतान करने के लिए दबाव डाला। होरीलाल ने अपनी बचत, पत्नी के गहने, गाड़ी और दुकान गिरवी रखकर अलग-अलग किस्तों में करीब एक करोड़ रुपये दे दिए।

बताया गया कि उन्होंने लगभग 42 लाख रुपये नकद आदित्य सक्सेना को, 27 लाख रुपये नकद चिराग शर्मा को, 10 लाख रुपये चेक के माध्यम से शिवदत्त को और करीब 29 लाख रुपये भूटानी इंफ्रा के ऑफिस में जमा किए।

आरोप है कि आरोपितों ने स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवाकर लेनदेन को वैध दिखाने की कोशिश की और एक बिल्डर-बायर एग्रीमेंट भी तैयार कराया। हालांकि, अभी तक पीड़ित को न तो दुकान का कब्जा मिला है और न ही उसकी रकम वापस की गई है। उल्टा आरोपितों द्वारा अतिरिक्त 30 लाख रुपये की मांग की जा रही है।

इस मामले में थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Tags

Share this story