India vs Pakistan, Asia Cup 2025: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी से भारत की बड़ी जीत, पाकिस्तान पर 7 विकेट से विजय
नई दिल्ली। एशिया कप के छठे मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 9 विकेट खोकर 127 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य को महज 16वें ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले से ही पाकिस्तान पर दबाव बना दिया। कुलदीप यादव ने 3 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके। हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने 40 और शाहीन अफरीदी ने 33 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे।
भारतीय बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन
भारत की ओर से ओपनर अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन की कप्तानी पारी खेली और तिलक के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की अहम साझेदारी की। पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ सईम अयूब को सफलता मिली, जिन्होंने तीनों विकेट लिए।
हाथ मिलाने से किया इनकार
मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। यहां तक कि टॉस के दौरान भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ मिलाने से इनकार किया। बता दें कि यह मुकाबला पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद खेला गया था।
प्वॉइंट्स टेबल में भारत टॉप पर
इस जीत के साथ भारत ग्रुप-ए की प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर है और टीम के सुपर-4 में पहुंचने की संभावना बढ़ गई है। पाकिस्तान को अगले दौर में पहुंचने के लिए अब UAE के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना होगा।