आधार कार्ड से ATM की तरह निकाल सकेंगे पैसे, जानें तरीका
नई दिल्ली। डिजिटल युग में ज्यादातर लोग ऑनलाइन भुगतान जैसे यूपीआई, मोबाइल वॉलेट और नेट बैंकिंग पर निर्भर हैं। लेकिन अब भी कई जगहें ऐसी हैं, जहां नकद पैसे की ही जरूरत होती है। ऐसे में अगर डेबिट कार्ड आपके पास नहीं है या वह खो गया है, तो चिंता की बात नहीं। अब आधार कार्ड की मदद से भी बैंक खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं।
क्या है AePS सिस्टम?
आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने शुरू किया है। इस सुविधा के जरिए आधार नंबर और फिंगरप्रिंट से बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हो जाती हैं। इसमें न तो एटीएम कार्ड की जरूरत है और न ही किसी PIN या OTP की। इस माध्यम से ग्राहक पैसे निकाल सकते हैं, जमा कर सकते हैं, बैलेंस चेक कर सकते हैं और मिनी स्टेटमेंट भी ले सकते हैं।
पैसे निकालने का तरीका
-
नजदीकी बैंकिंग प्रतिनिधि (BC Agent) या माइक्रो एटीएम केंद्र पर जाएं।
-
अपना 12 अंकों का आधार नंबर दें।
-
फिंगरप्रिंट स्कैनर से पहचान सत्यापित होगी।
-
“कैश विदड्रॉल” विकल्प चुनें और राशि दर्ज करें।
-
सत्यापन के तुरंत बाद नकद आपके हाथ में होगा और आपके मोबाइल पर SMS भी आएगा।
ध्यान देने योग्य बातें
-
आपका बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए।
-
केवल वही खाता उपयोग होगा, जो आधार से प्राथमिक खाते के रूप में जुड़ा है।
-
हर बैंक की निकासी सीमा अलग है। आमतौर पर ₹50,000 तक की अनुमति होती है।
-
इसमें लेन-देन पूरी तरह फिंगरप्रिंट सत्यापन पर आधारित है।
किसके लिए है उपयोगी?
यह सुविधा खासकर ग्रामीण और छोटे कस्बों के लोगों के लिए लाभकारी है, जहां एटीएम और बैंकिंग सेवाएं सीमित हैं। अब आधार से कैश निकासी की सुविधा से बैंकिंग सेवाएं और अधिक सुलभ हो गई हैं।