IIT कानपुर के वैज्ञानिकों ने बनाई अनोखी कूलिंग शीट, घर का तापमान घटेगा 12 डिग्री तक
कानपुर — बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने एक विशेष प्रकार की इंसुलेशन शीट तैयार की है, जिसे घरों की छत और दीवारों पर लगाने से अंदर का तापमान बाहर की तुलना में 12 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाता है।
यह शीट सिंथेटिक पॉलीमर, नैनोपार्टिकल्स और विशेष कोटिंग से बनाई गई है। यह तकनीक रिफ्लेक्शन इंसुलेशन और रेडियोएक्टिव कूलिंग के सिद्धांत पर काम करती है। IIT कानपुर ने इसे एक साल पहले पेटेंट कराया था और अब इसका सफल परीक्षण भी हो चुका है।
सस्ती और असरदार तकनीक
आईआईटी के अनुसार, यह शीट बाजार में मौजूद विकल्पों से काफी सस्ती है। जहां अन्य विकल्पों की कीमत 100 से 200 रुपये प्रति वर्ग फुट है, वहीं यह शीट मात्र 50 से 60 रुपये प्रति वर्ग फुट में उपलब्ध कराई जा रही है।
आईआईटी की स्टार्टअप कंपनी गीतीटेक ने इसका उत्पादन शुरू कर दिया है। शुरुआती उपयोग में इंडस्ट्रीज ने पाया कि इस शीट को लगाने से एसी और कूलिंग उपकरणों की बिजली खपत 25–30% तक कम हो गई।
छत और टंकी पर सबसे ज्यादा डिमांड
इस शीट को किसी फ्रेम की जरूरत नहीं होती और इसे सीधे दीवारों, छत या पानी की टंकी पर चिपकाया जा सकता है। इसकी वजह से भीषण गर्मी में भी घरों का तापमान ठंडा और पानी सामान्य बना रहता है। ठंड में भी यह शीट पानी को ज्यादा ठंडा नहीं होने देती।
प्रोफेसर अनिमांगशु घटक ने बताया कि लंबे परीक्षण के बाद इसे परफेक्ट पाया गया है। गीतीटेक के सीईओ आदित्य का कहना है कि पानी की टंकियों पर इसकी सबसे ज्यादा मांग है क्योंकि गर्मियों में भी टंकी का पानी सामान्य बना रहता है।