INSIGHT 2026: अभिमन्यु मुंजाल ने बताया, सद्गुरु की एक सलाह ने कर्मचारियों को लेकर उनकी सोच कैसे बदली

 
सद्गुरु INSIGHT 2026

कोयंबटूर, 27 नवंबर: हीरो फिनकॉर्प लिमिटेड के MD और CEO अभिमन्यु मुंजाल ने बताया कि सद्गुरु के साथ हुई एक बातचीत ने कर्मचारियों को लेकर उनका नजरिया बदल दिया। गुरुवार को कोयंबटूर के ईशा योग केंद्र में INSIGHT: The DNA of Success के 15वें संस्करण में बोलते हुए उन्होंने उस समय को याद किया, जब उनकी कंपनी कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की बढ़ती संख्या और काम के प्रदर्शन से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही थी। उन्होंने बताया कि सद्गुरु की सोच ने कंपनी को कर्मचारियों के साथ अपने व्यवहार और काम करने के तरीके पर फिर से विचार करने के लिए प्रेरित किया।

अभिमन्यु ने बताया कि वह और उनकी एग्जीक्यूटिव कमेटी एक लीडरशिप मीटिंग के लिए ईशा योग केंद्र पहुंचे थे। वहां उन्हें सद्गुरु से बातचीत करने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के बड़ी संख्या में नौकरी छोड़ने और उम्मीद के मुताबिक काम न कर पाने की समस्या उनके सामने रखी।

WhatsApp Group Join Now

उस बातचीत को याद करते हुए अभिमन्यु ने कहा, “उन्होंने (सद्गुरु ने) कहा, ‘मुझे लगता है कि आप भी कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने और सजा देने का वही अमेरिकी या पश्चिमी तरीका अपनाते होंगे।’ मैंने कहा, ‘हां, बिल्कुल। हमारे पास इंसेंटिव हैं और इसके साथ PIP (परफॉर्मेंस इम्प्रूवमेंट प्लान) भी है, जिसे हम सजा के तौर पर इस्तेमाल करते हैं।’ इस पर उन्होंने कहा, ‘नहीं, इंसान कोई संसाधन नहीं है। इंसान एक क्षमता है।’ हम उनकी इस बात को लेकर उत्सुक हुए और इसका मतलब समझने के लिए उनसे और सवाल किए। जब हम वापस गए, तो हमने अपने ह्यूमन रिसोर्सेज विभाग का नाम बदलकर ह्यूमन पोटेंशियल विभाग कर दिया।”

यह बदलाव सिर्फ विभाग का नाम बदलने तक सीमित नहीं था। इससे कंपनी के कर्मचारियों को देखने का नजरिया भी बदला। कंपनी ने इस बात को महत्व दिया कि सही सहयोग मिलने पर हर व्यक्ति सीख सकता है, आगे बढ़ सकता है और अपनी क्षमता से बेहतर योगदान दे सकता है।

26 नवंबर को हुए INSIGHT के पहले दिन अडानी ग्रुप के CTO और अडानी ग्रुप – नॉर्थ अमेरिका के CEO सुदीप्ता भट्टाचार्य और Matrimony.com के फाउंडर और CEO, TiE चेन्नई के चेयरमैन तथा CII तमिलनाडु के वाइस चेयरमैन मुरुगावेल जानकीरमन ने भी सत्रों में हिस्सा लिया। दोनों ने नेतृत्व, संगठन तैयार करने और कारोबार की चुनौतियों से निपटने के अपने अनुभव साझा किए।

INSIGHT का 15वां संस्करण 29 नवंबर तक चलेगा। इसमें कई अन्य प्रमुख वक्ता भी शामिल होंगे। इनमें अपोलो हॉस्पिटल्स की जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संगीता रेड्डी; MK Ventures के फाउंडर मधु केला; अग्निकुल कॉसमॉस के को-फाउंडर और CEO श्रीनाथ रविचंद्रन; विल्वाह स्टोर की फाउंडर और CEO कृतिका कुमारन; और Moglix.com तथा Credlix.com के फाउंडर और CII मैन्युफैक्चरिंग काउंसिल के को-चेयर राहुल गर्ग शामिल हैं।

INSIGHT: The DNA of Success, सद्गुरु एकेडमी का प्रमुख लीडरशिप कार्यक्रम है। इसमें उद्यमी, कारोबारी नेता और पेशेवर हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य उन्हें अपना कारोबार और खुद की क्षमताएं बढ़ाने के तरीकों से परिचित कराना है। सद्गुरु ने 2012 में सद्गुरु एकेडमी की शुरुआत की थी। इसका मकसद ऐसे कारोबारी नेता तैयार करना है, जो अपनी आंतरिक खुशहाली पर ध्यान दें, सभी को साथ लेकर चलें, बेहतर फैसले लें और अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल कर सकें।

Tags

Share this story