IPL 2024: मुंबई इंडियन्स का सबसे बड़ा बदलाव, सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तानी

 
 mumbai indians

IPL 2024: मुंबई इंडियन्स ने अपने सबसे सफल और लंबे समय तक कप्तान रहे रोहित शर्मा की कप्तानी को विराम दे दिया है। रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया गया है। मुंबई इंडियन्स के परफार्मेंस ग्लोबल हेड महेला जयवर्धने ने यह ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भविष्य की रणनीति को देखते हुए लिया गया है।

भविष्य में टीम मजबूत रहे इसलिए लिया फैसला

हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाए जाने के फैसले को मुंबई इंडियन्स मैनेजमेंट ने एक रणनीतिक कदम बताया है। ग्लोबल हेड महेला जयवर्धने ने कहा कि टीम अपनी विरासत निर्माण और दूरदर्शी दृष्टिकोण के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि सचिन से लेकर हरभजन और रिकी से लेकर रोहित तक, मुंबई इंडियंस को हमेशा असाधारण नेतृत्व का आशीर्वाद मिला है। इन्होंने तत्काल सफलता में योगदान देने के साथ-साथ भविष्य के लिए टीम को मजबूत करने पर भी हमेशा नजर रखा है। इसी विचारधारा के अनुरूप हार्दिक पंड्या आईपीएल 2024 के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालेंगे।

WhatsApp Group Join Now

रोहित शर्मा का आभार

मुंबई इंडियन्स के हटाए गए कप्तान के प्रति महेला जयवर्धने ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि 2013 से अभी तक का रोहित शर्मा का कार्यकाल असाधारण रहा है। रोहित की कप्तानी ने न केवल टीम को अद्वितीय सफलता दिलाई बल्कि उन्हें आईपीएल के इतिहास के सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक के रूप में स्थापित किया। कप्तान के रूप में पद छोड़ने के बावजूद शर्मा के मार्गदर्शन और अनुभव से मुंबई इंडियंस की निरंतर सफलता में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

 मुंबई इंडियन्स ने हार्दिक को टीम में किया शामिल

दरअसल, बीते दिनों रिटेन किए गए आईपीएल खिलाड़ियों की लिस्ट जारी हुई थी। उसी दौरान सीधे तौर पर मुंबई इंडियन्स ने गुजरात टाइटन्स से डील कर हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल कर लिया। डील के अमाउंट का खुलासा नहीं हुआ लेकिन बीसीसीआई के अप्रूवल का इंतजार हो रहा था। हालांकि, तब यह साफ नहीं हुआ था कि मुंबई इंडियन्स ने इस डील से अपनी भविष्य की रणनीति तय कर रखी है।

Tags

Share this story