ईशा ग्रामोत्सव 2026 में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश के गांव भी लेंगे हिस्सा
नई दिल्ली: ईशा ग्रामोत्सव 2026 में इस बार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश सहित देश के 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के गांवों की भागीदारी देखने को मिलेगी। यह ग्रामीण खेल महोत्सव देश के गांवों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और समुदायों को एकजुट करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष प्रतियोगिता में 40,000 गांवों से 80,000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ी एक करोड़ रुपये से अधिक की कुल पुरस्कार राशि के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
ईशा ग्रामोत्सव को ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने वाली एक प्रमुख पहल माना जाता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में ग्रामीण खिलाड़ी इसमें भाग लेते हैं, जिससे गांवों में खेलों के प्रति उत्साह और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिलता है।