केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा बदल रही है मध्यप्रदेश की तस्वीर, 24 राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास 

 
NEWS

MP NEWS: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा है कि मध्यप्रदेश में सड़क परियोजनाओं से प्रदेश को इंडस्ट्रियल और एग्रीकल्चर हब बनाने में मदद मिलेगी। मध्य प्रदेश में सड़क नेटवर्क बेहतर बनाने के लिए नए कार्य प्रारंभ किये जा रहे हैं। इस वर्ष के अंत तक अनेक कार्य पूर्ण होंगे। मध्य प्रदेश में सड़कों के निर्माण से निवेश आएगा, निर्यात भी बढ़ेगा। रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और निर्धनता को दूर करने में मदद मिलेगी। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी आज भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से 499 किलोमीटर लंबाई की 15 राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनकी लागत 8038 करोड़ रुपए है।


स्थानों की दूरियां होंगी कम, सड़कें विकास की संभावनाओं को साकार करती हैं

केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि सड़कों का निर्माण विकास की अनेक संभावनाओं को साकार करता है। मालवा का आटा अनेक देशों में पसंद किया जाता है। इसके निर्यात में नई सड़क संरचनाएं उपयोगी होंगी। श्री गडकरी ने बताया कि उज्जैन में रेलवे स्टेशन से बाबा महाकाल मंदिर तक रोप-वे के संचालन का प्रकल्प महत्वपूर्ण है। आगामी महीने में 171 करोड़ रुपए के इस प्रकल्प के लिए निविदा की कार्यवाही करने की तैयारी है। उज्जैन से कोटा की दूरी सिर्फ ढाई घंटे में पूरी की जा सकेगी।महत्वपूर्ण कार्यों में उज्जैन से गरोठ 136 किलोमीटर की फोर लेन भी शामिल है। इंदौर से ओंकारेश्वर की दूरी एक घंटे में तय हो जाएगी। वर्ष 2025 तक अनेक कार्य पूरे होंगे। जिसमें इंदौर-हैदराबाद कॉरिडोर भी शामिल है। कई ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे भी बन रहे हैं। मध्यप्रदेश के 27 सड़क निर्माण प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति दी जा रही है। भोपाल झीलों का शहर है। झील पर रोप-वे और केबल कार के मध्यप्रदेश सरकार के प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति दी जाएगी।

WhatsApp Group Join Now

गडकरी ने कहा कि मुम्बई-दिल्ली कॉरिडोर पूरा होने से मध्यप्रदेश से दोनों महानगरों तक आना-जाना का कार्य 5-6 घंटे में हो जाएगा। यह काम इसी वर्ष पूरा होने की आशा है। ग्रीन फील्ड हाई-वे के अंतर्गत ग्वालियर, आगरा और ग्वालियर-दिल्ली की यात्रा कम समय में पूरी की जा सकेगी। इसके साथ ही भोपाल से कानपुर की यात्रा भी नए कॉरिडोर के निर्माण से सात-आठ घंटे में ही पूरी हो जाएगी जो वर्तमान में पंद्रह घंटे में होती है। सागर से कानपुर की दूरी में 21 किलोमीटर की कमी आएगी। भोपाल- सागर फोर लेन सड़क जिसकी लम्बाई 170 किलोमीटर है, एक वर्ष में बन जाएगा। इसकी लागत 4 हजार करोड़ रुपए है। श्री गडकरी ने मध्यप्रदेश में राजमार्गों के विकास के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

मध्यप्रदेश के लिए सड़कों का निर्माण और विस्तार महत्वपूर्ण उपलब्धि : मुख्यमंत्री डॉ.यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दस हजार करोड़ रुपए के सड़क निर्माण कार्यों की शुरूआत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज जबलपुर में 9 और भोपाल में 15 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ है। इन 24 सड़क परियोजनाओं की लागत 10 हजार करोड़ से अधिक है। मध्यप्रदेश सड़क निर्माण के नए कार्यों के साथ ही आवागमन के हवाई साधनों और केबल कार, रोप-वे जैसे साधनों के प्रयोग में भी आगे बढ़ रहा है। राजमार्गों के निर्माण से प्रदेश के सभी क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। औद्योगिक गतिविधियां भी तेज होंगी। गत 70 वर्ष में 5 हजार किलोमीटर के मार्ग तैयार हुए थे। लेकिन गत दस वर्ष में इतने ही अर्थात 5 हजार किलोमीटर के नए मार्ग बने हैं। मध्यप्रदेश उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम आने जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण रहा है। काल के प्रवाह में परिस्थितियां बदलने से कुछ फर्क पड़ा। अब नए राजमार्गों के निर्माण से प्रदेश के न सिर्फ 17 जिलें बल्कि पूरा प्रदेश लाभान्वित होगा। भोपाल की बड़ी झील से केबल कार और रोप- वे के संचालन पर विचार हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने ईधन के वैकल्पिक साधनों के प्रयोग पर बल दिया है। अब विद्युत वाहन भी बड़ी संख्या में चल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री गडकरी द्वारा किए गए नवाचारों के लिए भी सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग के उन कार्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला जिनका आज शिलान्यास हुआ।

Tags

Share this story