Russia Plane Crash: चीन सीमा के पास रूस में यात्री विमान क्रैश, 50 लोग थे सवार
रूस के सुदूर पूर्वी इलाके अमूर क्षेत्र में एक यात्री विमान An-24 क्रैश हो गया है। विमान में कुल 50 लोग सवार थे, जिनमें 40 यात्री और 6 क्रू मेंबर शामिल थे। यात्रियों में 5 बच्चे भी बताए गए हैं। यह विमान अंगारा एयरलाइंस का था और खाबारोव्स्क से ब्लागोवेशचेंस्क होते हुए टिंडा जा रहा था।
आईफैक्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान का मलबा अमूर क्षेत्र में मिल गया है। यह हादसा तब हुआ जब विमान अपने अंतिम गंतव्य के करीब पहुंच चुका था लेकिन दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास करते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया।
कहां हुआ हादसा?
अमूर क्षेत्र चीन की सीमा से सटा हुआ एक दुर्गम और मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण इलाका है। यह इलाका पहले भी विमान और हेलिकॉप्टर हादसों के लिए कुख्यात रहा है। टिंडा एयरपोर्ट पर पहली लैंडिंग असफल रहने के बाद विमान ने दोबारा लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन तभी उसका संपर्क टूट गया।
बचाव अभियान जारी
क्षेत्रीय गवर्नर वासिली ओरलोव ने बताया कि सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू कर दिया गया है। स्थानीय आपातकालीन विभाग ने पुष्टि की है कि विमान सुरक्षा जांच के अंतिम प्वाइंट से पहले ही लापता हो गया था। मौसम और तकनीकी कारणों को भी दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।