Weather Update: दिल्ली, नोएडा और उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में अब गर्मी का हल्का असर देखने को मिल रहा है। फरवरी के महीने में ही पारा अब तेजी से ऊपर की ओर बढ़ने लगा है। फिलहाल सुबह और शाम हल्का सर्द मौसम है तो वहीं दोपहर में तेज धूप निकल रही है, जिसकी तपिश अब महसूस होने लगी है। कुछ दिनों पहले जो धूप अच्छी लगती थी अब उसमें बैठना मुश्किल होने लगा है।
यूपी में बढ़ा तापमान
उत्तर प्रदेश के तापमान में अगले एक सप्ताह के दौरान 5 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। हालात यह हो सकते हैं कि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही कमजोर पश्चिमी विक्षोभ भी क्षेत्रीय मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा एक दो दिन बाद से सुबह-शाम पड़ रही हल्की ठंड का असर भी थोड़ा कम होगा।
नोएडा का मौसम का हाल
नोएडा में तापमान 15 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दोनों ही जगहों पर साफ मौसम और खिली धूप के बीच तापमान बढ़ा हुआ रहेगा। मेरठ से लेकर बरेली और अलीगढ़ तक के इलाके में दिन के समय तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
छत्तीसगढ़ में नमी के कारण चढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ के ऊपरी हवा में चक्रवात की वजह से कुछ नमी आ सकती है। इससे न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। उत्तर से आ रही हवा में भी थोड़ा बदलाव होने से दिन में भी तापमान बढ़ेगा। प्रदेश में कल मौसम शुष्क रहेगा। दिन और रात के तापमान में वृद्धि होगी। रायपुर में अधिकतम तापमान 33 और रात में पारा 19 डिग्री के आसपास रहेगा।
क्यों करवट ले रहा है मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के चलते ही मौसम में परिवर्तन दिखाई पड़ता है। जब पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की ओर आता है तो इनकी नमी बारिश और बर्फ के रूप में बदल जाती है। कभी-कभी वे उत्तरी पहाड़ी राज्यों जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ते हैं, जबकि अन्य समय में वे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए दक्षिण की ओर बढ़ते हैं। अभी जो बदलाव हो रहे हैं वो इसी के चलते हो रहे हैं।
राजस्थान में ठंड हो गई गम
राजस्थान से अब सर्दी की विदाई शुरू हो गई है। दिन और रात के टेम्प्रेचर लगातार बढ़ रहे है और कई शहरों में अधिकतम तापमान अब 30 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज होने लगे है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी अब 16 डिग्री सेल्सियस तक आ गए है। मौसम विशेषज्ञों 15 फरवरी तक राजस्थान में मौसम बिल्कुल शुष्क रहेगा और तापमान लगातार बढ़ेंगे। संभावना है 15 फरवरी तक राजस्थान के कई शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अप्रैल नहीं फरवरी में ही गर्मी का प्रकोप
जूस के स्टाल पर अप्रैल के बाद ही लोग आना शुरु होते थे। इस वर्ष जल्दी ही लोगों ने अपने गले को बढ़ती गर्मी की वजह से तर करना शुरू कर दिया है। सोमवार को पंथाघाटी विकासनगर में गन्ने के जूस के स्टाल पर लोग उसी तादाद में आ रहे थे, जैसे अप्रैल व मई के महीनों में आते हैं। इसके अलावा शहर में कई जगहों पर लोगों ने अपने जूस के स्टॉल लगाने शुरू कर दिए हैं। शिमला के सब्जी मंडी के पास भी फल कारोबारी ने अपना जूस का स्टॉल लगाना शुरु कर दिया है। पिछले वर्ष फरवरी के महीने में मौसम का तापमान काफी ठंडा था। इस वर्ष मौसम ने करवट बदली है।
ये भी पढ़ें: Joshimath Sinking- आने वाले 4 दिन जोशीमठ के लिए भारी, मौसम विभाग ने की डरावनी भविष्यवाणी