Siddaramaiah Oath Ceremony: सिद्धारमैया CM तो शिवकुमार बने डिप्टी सीएम, 8 विधायकों को मिली कैबिनेट में जगह

Siddaramaiah Oath Ceremony: कर्नाटक में शनिवार को कांग्रेस की सरकार बन गई। कांग्रेस की शानदार जीत के बाद सिद्धारमैया को कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री चुना गया. वहीं डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री पद मिला। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने दोपहर 12.30 बजे उन्हें पद की शपथ दिलाई।
वहीं डॉ जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज और एमबी पाटिल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे (मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे), रामालिंगा रेड्डी और जमीर अहमद खान ने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
बता दें कि पहली कैबिनेट में नॉर्थ कर्नाटक की जगह साउथ कर्नाटक को तवज्जो दी गई है। साउथ कर्नाटक से 5 मंत्री हैं, जबकि नॉर्थ से सिर्फ 3 हैं। वहीं, 8 में से सबसे ज्यादा 3 मंत्री SC से हैं। बाकी समुदाय से भी मंत्री बनाकर कांग्रेस ने सोशल इंजीनियरिंग की है।
Siddaramaiah Oath Ceremony में ये रहे मौजूद
शपथ ग्रहण में नौ विपक्षी पार्टियों के नेता मौजूद रहे। इनमें महबूबा मुफ्ती (PDP), नीतीश कुमार (JDU), तेजस्वी यादव (RJD), डी राजा और सीताराम येचुरी (लेफ्ट), एमके स्टालिन (DMK), शरद पवार (NCP), फारूख अब्दुल्ला (नेशनल कांग्रेस), कमल हासन (मक्कल नीधि माईम) शामिल हैं।
इनके अलावा, कांग्रेंस से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कमलनाथ और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। हालांकि, सोनिया गांधी नहीं पहुंचीं।
राहुल गांधी ने दिया बड़ा बयान
इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा, 'हमने आपसे 5 वादे किए थे। 1-2 घंटे में कर्नाटक सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग होगी। उसमें ये 5 वादे कानून बन जाएंगे। मैंने कहा था कि हम झूठे वादे नहीं करते। हम जो कहते हैं, वह करते हैं।' शाम को 4 बजे पहली कैबिनेट की मीटिंग होगी। इसमें CM डिप्टी CM के साथ 8 मंत्री शामिल होंगे।
नतीजों के 6 दिन बाद कर्नाटक में सरकार बनी
13 मई को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135, BJP ने 66 और JDS ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। नतीजे आने के बाद कांग्रेस में CM पद को लेकर पांच दिन तक मंथन चलता रहा। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच दावेदारी थी। आलाकमान ने सिद्धारमैया को चुना। डीके को सोनिया गांधी ने डिप्टी CM के लिए मनाया।
ये भी पढ़ें: CBI की डायरेक्टर पद की कमान संभालेंगे कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद, दो साल के लिए किए गए नियुक्त