Rumali Roti Recipe: रुमाली रोटी बनाने चकराता है सर ? सीखें सबसे सरल तरीका
Apr 23, 2023, 21:02 IST
Rumali Roti Recipe: हर रोज खाने में कुछ अच्छा मिल जाए तो मन खुश हो जाता है। वैसे कई लोग आटे की रोटी और पराठे यही खा कर बोर हो जाते हैं। इसलिए टेस्ट चेंज करने के लिए बहुत जरूरी है कि हम कुछ नया ट्राय करें। आज हम आपको बताने जा रहे हैं रुमाली रोटी के बारें में।आप भी अगर रुमाली रोटी खाना चाहते हैं और इसे घर पर भी बनाना चाहते हैं तो हम आज आपको इसे बनाने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं। रुमाली रोटी को वैसे तो गेहूं के आटे से बनाया जाता है लेकिन आप चाहें तो गेहूं के आटे के साथ मैदे का भी प्रयोग कर सकते हैं।
रुमाली रोटी बनाने के लिए सामग्री
- मैदा – 2 कप
- गेहूं का आटा – 1/4 कप
- दूध – 1 कप
- तेल – 2 टेबलस्पून
- नमक – स्वादानुसार
रुमाली रोटी बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और मैदा डालकर दोनों को मिक्स कर दें।
- अब इसमें थोड़ा सा नमक डालें और मिला लें. अब आटे में धीरे-धीरे दूध डालते जाएं और उसे गूंथ लें।
- आटा गूंथने के दौरान तब तक दूध का प्रयोग करें जब तक कि एक चिपचिपा गुथा आटा ना तैयार हो जाए।
- इसके बाद आटे में 2 टेबलस्पून तेल डालें और फिर लगभग 5 मिनट तक और गूथें।
- आटे को तब तक गूंथना है जब तक कि ये नॉन स्टिकी ना हो जाए।
- इसके बाद आटे को 3-4 घंटों के लिए अलग रख दें।
- तय समय के बाद आटा लें और उसे एक बार और गूंथ कर छोटी-छोटी लोई बना लें।
- इसके बाद एक लोई लें और उसमें सूखा मैदा लगाकर बेल लें. ध्यान रहे कि लोई को जितना ज्यादा हो सके पतला बेल लें।
- बीच-बीच में जरूरत पड़ने पर सूखे मैदे का भी इस्तेमाल करें ताकि रोटी चिपके नहीं।
- अब मांडा (कड़ाही) लेकर उसे तेज आंच पर गर्म करने के लिए रख दें।
- जब मांडा अच्छे से गर्म हो जाए तो उसे पलट दें और उसके ऊपर थोड़ा सा नमक का पानी छिड़क दें।
- नमक के पानी का प्रयोग करने से रुमाली रोटी उस पर चिपकेगी नहीं।
- अब बेली हुई रोटी को लें और उसे दोनों हाथों की मदद से फैलाते जाएं।
- इसे तब तक फैलाएं जब तक कि ये पारदर्शी ना हो जाए।
- इसके बाद गरम कड़ाही या मांडे पर रोटी को डाल दें और सेकें।
- रोटी तब तक पकाना है जब तक कि इसमें बबल्स ना दिखने लगें।
- इसके बाद इसे पलटकर पकाएं. आखिर में रोटी को फोल्ड कर लें। आपकी स्वादिष्ट रुमाली रोटी बनकर तैयार है।